जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में चोरी और मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक मामले में बंद घर से कांसा-पितल के बर्तन और चांदी के सिक्कों की चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी के सामान के साथ साकची थाना क्षेत्र से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। वहीं, दूसरे मामले में शास्त्रीनगर में युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त खून लगा स्टील का चापड़ बरामद किया है।
CCTV और तकनीकी सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस
कदमा थाना क्षेत्र के न्यू टीसी कॉलोनी रोड नंबर-2 में 3 सितंबर 2026 को महुआ सिन्हा बाबु के बंद घर में अज्ञात अपराधियों ने शाम के समय प्रवेश कर कांसा-पितल के बर्तन और चांदी के पांच सिक्के समेत अन्य सामान चोरी कर लिए थे। मामले में कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक (नगर), पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर मामले के उद्भेदन के लिए छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने CCTV फुटेज, मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद पुलिस ने 11 सितंबर को अप्राथमिकी अभियुक्त मो. जफर खान (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, जफर खान की निशानदेही पर कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया रोड नंबर-2 स्थित एक जर्जर खाली क्वार्टर में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद किया गया। जांच के दौरान उसके पास से साकची थाना क्षेत्र में चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण भी बरामद होने की बात सामने आई है।
कांसा-पितल के बर्तन समेत लाखों के जेवर बरामद
पुलिस ने जफर खान के कब्जे से कांसा का चार लोटा, दो गिलास, एक गगरा, तीन थाली, पीतल की एक परात, दो बड़ी हांडी, एक जग और दो गमले बरामद किए हैं।
इसके अलावा करीब 26.17 ग्राम का सोने का गले का हार, 3.67 ग्राम का मांगटीका, 1.50 ग्राम और 0.85 ग्राम के सोने के कान के टॉप, 0.31 ग्राम की सोने की नथ बरामद की गई है।
चांदी के सामान में करीब 163.355 ग्राम की थाली, 46.40 ग्राम का गिलास, 45.63 ग्राम का कटोरा, 22.70 ग्राम के चार बेर, तथा करीब 6.04 ग्राम की तीन अंगूठियां शामिल हैं। पुलिस ने बरामद सामान का कुल अनुमानित मूल्य करीब 10 लाख रुपये बताया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. जफर खान, पिता स्व. वकील खान के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता ठक्कर बाबा स्कूल के बगल में धातकीडीह हरिजन बस्ती, थाना बिष्टुपुर बताया गया है, जबकि उसका स्थायी पता गरीब नवाज कॉलोनी, पहलवान डेरा के पीछे, थाना जुगसलाई, पूर्वी सिंहभूम है।
शास्त्रीनगर में युवक पर चापड़ से हमला, SIT ने दो को दबोचा
दूसरी घटना कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 की है। 10 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे बाबा फर्नीचर के सामने मुख्य सड़क पर कुछ युवकों ने मिलकर मो. कैफ (24) पर चापड़ से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। हमले में कैफ के सिर पर चोट लगी।
घटना के बाद कैफ के लिखित आवेदन के आधार पर कदमा थाना में कांड संख्या 99/2026 दर्ज किया गया। प्राथमिकी में मो. दिलरेज खान और जिशान अंसारी को आरोपी बनाया गया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर मामले की विशेष जांच के लिए SIT गठित की गई। टीम ने पेशेवर तरीके से अनुसंधान करते हुए घटना में शामिल मुख्य आरोपियों मो. दिलरेज खान (20 वर्ष) और जिशान अंसारी (करीब 23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और जांच के क्रम में घटना में प्रयुक्त खून लगा स्टील का चापड़ भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों से कदमा थाना क्षेत्र में चोरी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : SIT की बड़ी कार्रवाई: बाइक चोरी गिरोह का खुलासा, 5 गिरफ्तार, आठ वाहन व दो मोबाइल फोन बरामद
There is no ads to display, Please add some

















































