जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश कोऑर्डिनेटर डॉ. परितोष ने जंतर-मंतर पर अपने अधिकारों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं और छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने वाले छात्रों के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
डॉ. परितोष ने कहा कि केंद्र सरकार का अहंकार इस स्तर तक पहुंच चुका है कि अब संवाद की जगह दमन का रास्ता अपनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी के साथ किया गया व्यवहार भी लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है और यह देश के लोकतंत्र की वर्तमान स्थिति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। छात्रों पर लाठीचार्ज और मुकदमे दर्ज करने जैसी कार्रवाइयों का कांग्रेस विरोध करती है। उन्होंने मांग की कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें तथा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री छात्रों एवं उनके परिवारों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
डॉ. परितोष ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और सरकार को छात्रों तथा युवाओं की आवाज सुननी चाहिए, न कि उसे दबाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।


















































