जमशेदपुर: शुक्रवार सुबह डोबो पुल पर गुरुवार रात से खड़ी एक बुलेट बाइक मिलने से सनसनी फैल गई। जांच में पता चला कि बाइक आरएसबी कंपनी में काम करने वाले सूरज गोराई (पिता- शंकर गोराई), निवासी श्यामनगर गम्हरिया की है।
गुरुवार रात से ही पुल पर खड़ी सूरज की बुलेट (नंबर JH 05 EB 6790) देखकर लोगों ने सोनारी थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लिया और परिजनों को खबर दी।
डोबो पुल से आत्मघाती छलांग का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई लोग यहां से कूदकर अपनी जान गंवा चुके हैं। इन घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने पुल पर ऊंची जाली लगाने का ऐलान किया था, लेकिन काम अब तक अधूरा है। यही वजह है कि लोग प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है। परिजनों और परिचितों से पूछताछ हो रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि सूरज ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
इस घटना ने एक बार फिर शहरवासियों को झकझोर दिया है। लोगों का कहना है कि जब तक पुल पर ठोस सुरक्षा इंतजाम पूरे नहीं होते, तब तक ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना मुश्किल होगा।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: सहकारिता से सशक्तिकरण, सिदगोड़ा में एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न