- इलेक्ट्रॉनिक रिजल्ट और वीवीपैट पर्चियों का हुआ सटीक मिलान, सभी मशीनें स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखी गईं
- मतदान दिवस पर प्रत्याशियों की मौजूदगी में स्ट्रॉन्ग रूम से भेजी जाएंगी ईवीएम मशीनें
घाटशिला : घाटशिला विधानसभा उप निर्वाचन 2025 के लिए उपयोग की जाने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की कमीशनिंग प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। इस मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर में चल रहे कमीशनिंग एवं मॉक पोल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दूसरे रैंडमाइजेशन के बाद बूथवार बीयू, सीयू और वीवीपैट मशीनों की कैंडिडेट सेटिंग, सिंबल लोडिंग और बैलेट पेपर लगाने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी मशीनों को एड्रेस टैग और पिंक पेपर सील से सील किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में प्रत्याशी या उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : आसना पंचायत में आजसू पार्टी ने जनसंपर्क अभियान किया तेज, रामचंद्र सहिस ने झामुमो सरकार पर साधा निशाना
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर में ईवीएम प्रक्रिया का किया निरीक्षण
कमीशनिंग के उपरांत पाँच प्रतिशत मशीनों पर मॉक पोल किया गया, जिसमें प्रत्येक मशीन पर 1000 वोट डालकर इलेक्ट्रॉनिक रिजल्ट और वीवीपैट पर्चियों का मिलान किया गया। सभी मशीनों के परिणाम पूरी तरह मेल खाते पाए गए। इसके बाद सभी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को स्ट्रॉन्ग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। मतदान के दिन इन मशीनों को प्रत्याशियों या उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच मतदान केंद्रों तक भेजा जाएगा। इस मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, ईवीएम कोषांग प्रभारी मो. मोजाहिद अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




















































