जमशेदपुर: मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में मरीजों के लिए साफ-सुथरा और बेहतर सुविधा वाला वातावरण सुनिश्चित करने के लिए नई पहल शुरू की जा रही है। इसके तहत अस्पताल में अब सात अलग-अलग रंगों वाली बेडशीट का इस्तेमाल किया जाएगा। हर दिन मरीजों को नई रंगीन बेडशीट मिलेगी।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सात रंगों में सफेद, नीला, हरा, गुलाबी, पीला, आसमानी और लैवेंडर शामिल हैं। प्रत्येक दिन किस वार्ड में कौन-सा रंग इस्तेमाल होगा, इसकी सूची पहले ही तैयार की जा रही है। इससे बेडशीट की पहचान आसान होगी और विभागवार मॉनिटरिंग भी सरल होगी।
एमजीएम अस्पताल में संक्रमण नियंत्रण (इंफेक्शन कंट्रोल) के लिए यह कदम बेहद महत्वपूर्ण है। बेडशीट की नियमित सफाई और बदलाव अब और प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। नर्सिंग स्टाफ और सफाई कर्मियों को रोजाना बेडशीट बदलने में आसानी होगी और किसी भी लापरवाही पर तुरंत निगरानी संभव होगी।
अस्पताल के डॉक्टरों का मानना है कि मरीजों के लगातार संपर्क में आने वाली चीज़ें प्रतिदिन बदलने से संक्रमण का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है। इस पहल से अस्पताल में साफ-सफाई और हाईजीन का स्तर बढ़ेगा और मरीजों को मानसिक सुकून भी मिलेगा।
एमजीएम अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज और जांच के लिए आते हैं। सात रंगों की बेडशीट व्यवस्था से मरीज और उनके परिजन यह महसूस करेंगे कि अस्पताल प्रबंधन साफ-सफाई और सुरक्षा के प्रति गंभीर है। इससे मरीजों का भरोसा बढ़ेगा और अस्पताल की छवि में सुधार होगा।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.के. मंधान ने बताया, “सभी सात रंगों के बेडशीट अस्पताल में पहुंच चुके हैं। नर्स इंचार्जों को इसका सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है। मरीजों को साफ-सुथरे और हाईजीनिक माहौल में इलाज उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। नई रंगीन व्यवस्था से मरीजों का भरोसा बढ़ेगा और अस्पताल की छवि निखरेगी।”


















































