जमशेदपुर : भारतीय नौसेना द्वारा पूर्व सैनिकों के सेवानिवृत्ति उपरांत कल्याण एवं देखभाल के उद्देश्य से देश को सात क्षेत्रों में विभाजित कर कमांड रेजिमेंटल सिस्टम ऑफिस (सीआरएसओ) का गठन किया गया है। इसी क्रम में सीआरएसओ कोलकाता के प्रतिनिधि मास्टर एट आर्म्स आशीष प्रताप सिंह एवं लीडिंग सीमैन परवेज अख्तर ने जमशेदपुर पहुंचकर सोनारी स्थित आर्मी कैंप के फैमिली वेलफेयर सेंटर में विशेष नौसैनिक मिलन एवं कल्याणकारी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम में भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त गौरव सेनानी, वीर नारियां एवं उनके परिवार बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जमशेदपुर मिलिट्री स्टेशन के एडम ऑफिसर एवं यूनिट के सूबेदार मेजर का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
सीआरएसओ प्रतिनिधियों ने पूर्व नौसैनिकों को भारतीय नौसेना द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सुविधाओं एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने पेंशन सहित अपनी व्यक्तिगत एवं अन्य समस्याओं को प्रतिनिधियों के समक्ष रखा। प्रतिनिधियों ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया तथा संबंधित मामलों से जुड़े दस्तावेज भी जमा किए।
कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कमांडर मनोरंजन, शौर्य चक्र (मरणोपरांत) की माता श्रीमती रुक्मणी देवी की समस्याओं का भी विशेष रूप से उल्लेख किया गया। जमशेदपुर मिलिट्री स्टेशन के एडम ऑफिसर ने सीआरएसओ प्रतिनिधियों को उनकी समस्या की जानकारी देते हुए शिकायत की एक प्रति भी सौंपी, ताकि मामले के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
सीआरएसओ टीम ने कंप्यूटरीकृत प्रस्तुति के माध्यम से अपने कार्यों एवं पूर्व सैनिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही भविष्य में किसी भी प्रकार की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए संपर्क नंबर और ई-मेल आईडी भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले कर्नल तौकीब मुंतखाब, सूबेदार मेजर हेम सिंह तथा पूर्व सैनिक प्रतिनिधियों सुशील कुमार सिंह, डॉ. कमल शुक्ला, दिनेश सिंह जायसवाल, रमेश कुमार एवं हरिशंकर सिंह को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया। वहीं, पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम की ओर से हरेन्दू शर्मा एवं ऑनरेरी सब लेफ्टिनेंट डी. एन. सिंह ने सीआरएसओ प्रतिनिधियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रामनाथ, देवेंद्र त्रिपाठी, शिव शंकर चक्रवर्ती, मनोज ठाकुर, ए. के. ढोके, रेखा चक्रवर्ती, सविता सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित कार्यक्रम दोपहर के भोजन के उपरांत संपन्न हुआ। इस आयोजन से जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में रह रहे पूर्व नौसैनिकों को नौसेना की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 6 सितंबर को शिक्षकों का सम्मान, शिक्षा का उत्थान विषय सेमिनार में तीन वीसी होंगे सम्मिलित



















































