Dumaria : आजादी के बाद पहली बार डुमरिया को मिला अपना 30 बेड का अस्पताल, मंत्री इरफान अंसारी ने किया उद्घाटन

राज्य को जल्द मिलेगा रिम्स-2, पोटका को स्वास्थ्य क्षेत्र में और सौगात जल्द : इरफान अंसारी
प्रखंड के बाद अब जल्द हर पंचायत में होगा स्वास्थ्य भवन : संजीव सरदार

डुमरिया  :  डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उद्घाटन किया। इस मौके पर पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बालमुचू समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

आजादी के बाद पहली बार डुमरिया को मिला अपना अस्पताल : संजीव सरदार

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार डुमरिया को अपना 30 बेड का अस्पताल मिला है। उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने के 26 वर्ष बाद डुमरिया में यह बड़ी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हुई है। इससे पहले पुराने भवन में ही डुमरिया के लोगों को इलाज की सुविधा लेनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि यह डुमरिया के लोगों के लिए खुशी का क्षण है, क्योंकि यहां अस्पताल की मांग पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही थी।

गरीब और असहाय लोगों की उम्मीदें हो रहीं पूरी

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब और असहाय लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने का लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पूरे राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। विधायक ने कहा कि डुमरिया अस्पताल में आने वाले दिनों में मैनपावर और आवश्यक उपकरणों की कमी नहीं रहे, इस संबंध में उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष मांग रखी है।

संजीव सरदार ने कहा कि जब भी वे क्षेत्र की किसी समस्या या मांग को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के पास जाते हैं, तो मंत्री तत्काल उस पर सकारात्मक पहल करते हैं। उन्होंने बताया कि डुमरिया में अस्पताल के बाद अब जल्द ही पंचायत स्तर पर भी स्वास्थ्य भवनों के निर्माण की दिशा में काम किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

स्वास्थ्य के साथ सड़क, शिक्षा और भवन के क्षेत्र में भी जारी रहेगा विकास

विधायक ने कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र में केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि सड़क, भवन, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास का काम भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विकसित पोटका के संकल्प के साथ योजनाबद्ध तरीके से क्षेत्र के हर हिस्से में विकास कार्यों को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

जल्द मिलेगा रिम्स-2, पोटका को स्वास्थ्य क्षेत्र में और सौगात : इरफान अंसारी

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम कर रही है और आने वाले दिनों में राज्य को रिम्स-2 की सौगात मिलने जा रही है। उन्होंने पोटका विधायक संजीव सरदार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि युवा विधायकों में संजीव सरदार जैसा कोई नहीं है और वे देर रात तक जनता की सेवा में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य के क्षेत्र में आने वाले दिनों में कई और सौगातें मिलने वाली हैं।

30 बेड के साथ कई जांच एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध

नवनिर्मित अस्पताल में 30 बेड, विभिन्न प्रकार की रक्त जांच, गैर-संचारी रोग (NCD) से संबंधित सेवाएं तथा किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र की सुविधा उपलब्ध होगी। अस्पताल को 24 घंटे संचालित करने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के माध्यम से टीबी, मलेरिया, पीलिया (जॉन्डिस) समेत अन्य आवश्यक जांच की सुविधा भी ग्रामीणों को मिल सकेगी।

अस्पताल परिसर में अतिथियों ने किया पौधारोपण, हरियाली का दिया संदेश

नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन समारोह के अवसर पर अस्पताल परिसर में सभी अतिथियों द्वारा पौधारोपण किया गया। स्वास्थ मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, विधायक संजीव सरदार, समेत उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि स्वास्थ्य के साथ स्वच्छ एवं हरित वातावरण भी स्वस्थ समाज के लिए जरूरी है।

उद्घाटन समारोह में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बालमुचू, जिला सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, सीओ डुमरिया पवन कुमार, बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू, झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, मिर्ज़ा सोरेन , भगत बसके, समेत जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें : Bahragora : विद्यासागर यूनिवर्सिटी का रिसर्च बैलून पैराशूट के जरिए बरसोल के पाथरा में उतरा, ग्रामीणों में फैली सनसनी के बाद पुलिस ने उपकरण किया जब्त


There is no ads to display, Please add some
Spread the love

Related Posts

Ranchi : नए नेतृत्व में झारखंड भाजपा को मिलेगी नई ऊर्जा : अमरप्रीत सिंह काले

सौदान सिंह एवं पवन साईं से अमरप्रीत सिंह काले ने की शिष्टाचार मुलाकात रांची :  भारतीय जनता पार्टी, झारखंड के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सौदान सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन…

Spread the love

Potka : हल्दीपोखर में 13 बकरियों की चोरी, 1.20 लाख रुपये का नुकसान

पोटका : कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर स्थित सरकारी अस्पताल के समीप शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने आसिफ अंसारी की 13 बकरियां चोरी कर लीं। पीड़ित के अनुसार,…

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share this Page

Slide-In Box help you to share the page on the perfect time