- सज्जाद खान उर्फ टांडा और टाइगर मोबाइल जवान की हत्या का मामला
जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र में 8 दिसंबर 2023 को हुए चर्चित डबल मर्डर कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मानगो पुलिस ने इस मामले में ढाई साल से फरार चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि न्यू पुरुलिया रोड नंबर-16 स्थित आकाश साहा अपार्टमेंट के पास अपराधियों ने आजादनगर ग्रीन वैली निवासी सज्जाद खान उर्फ टांडा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलने पर टाइगर मोबाइल के जवान आरक्षी रामदेव महतो और आरक्षी निर्मल मुंडू अपराधियों को पकड़ने पहुंचे थे, इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। इस हमले में आरक्षी रामदेव महतो शहीद हो गए थे, जिससे पूरे शहर में आक्रोश फैल गया था।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : चाण्डिल के शहरबेड़ा पुल के नीचे मिला व्यक्ति का शव, इलाके में फैली सनसनी
मानगो में हुए डबल मर्डर कांड की पूरी पृष्ठभूमि
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, लेकिन सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत रियारदा निवासी लुस्कू मार्डी उर्फ रोहित मार्डी और गणेश मुर्मू फरार चल रहे थे। लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को धर दबोचा। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी मामले की जांच में अहम कड़ी साबित होगी और शहीद जवान को न्याय दिलाने की दिशा में बड़ा कदम है।