- चंडी पाठ और विशेष पूजा अर्चना से हुआ महालया का आयोजन
जमशेदपुर : मोहरदा बिरसानगर जोन नंबर 2 बी स्थित माँ पीताम्बरा मंदिर में रविवार को महालया तिथि के अवसर पर चार घंटे का चंडी पाठ का आयोजन किया गया। इस मौके पर माता दुर्गा के धरती पर आगमन का प्रतीकात्मक स्वागत करते हुए नवरात्र की तैयारियां पूर्ण की गईं। मंदिर परिसर में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चला, जिसमें माता की विशेष पूजा, चंडी पाठ और प्रसाद वितरण शामिल रहा। यजमान स्वामी विजयानंद महाराज ने पत्नी सोमा घोषल संग पूजा संपन्न की, जबकि पंडित मणि शंकर ने विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। सुबह आरती के बाद मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : अव्यवस्था की भेंट चढ़ी नमो युवा रन, धावकों में नाराजगी
भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद, सोमवार से नवरात्र शुरू
महालया के शुभ अवसर पर सैकड़ों भक्तों ने माँ पीताम्बरा का दर्शन किया और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। एक दिवसीय इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में शिवजी सिन्हा, मंटु, संदीप, एसडी सिंह, सुदाम गोप, जयपाल, बिपेन मुखी, लालदेव, बाबुलाल गोप समेत कई श्रद्धालुओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। ज्ञात हो कि माँ पीताम्बरा शक्ति पीठ (तोयात्मा सेवा सदन के अंतर्गत) बिरसानगर में पिछले 16 वर्षों से महालया और नवरात्र पूजा का आयोजन होता आ रहा है। इस बार नवरात्र का शुभारंभ सोमवार को कलश स्थापना के साथ होगा।




















































