Jamshedpur: भाजपा कार्यालय से लेकर स्कूलों और पंचायतों तक, जमशेदपुर ने मनाया हरियाली का पर्व

जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से साकची स्थित जिला कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पलाश और गुलमोहर जैसे दस पौधे लगाए। साथ ही पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा, बबुआ सिंह, जिला महामंत्री संजीव सिंह, कार्यालय मंत्री सुबोध झा, आईटी सेल संयोजक बिनोद कुमार सिंह, संजीत चौरसिया, आलोक बाजपेई, राकेश दुबे, मनोज सिंह और ओम प्रकाश सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 

सनराइज गौरी में बच्चों को मिली प्रेरणा
सनराइज गौरी परिसर में आयोजित एक छोटे कार्यक्रम में समाजसेवी और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अवतार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण संतुलन में पेड़ों की भूमिका को समझाया और अधिकाधिक वृक्षारोपण की प्रेरणा दी।

 

 

टेल्को आदर्श कॉम्प्लेक्स में हिल व्यूह स्कूल की पहल
टेल्को स्थित आदर्श कॉम्प्लेक्स सोसाइटी में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एस.एन. सिंह ने पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। हिल व्यूह स्कूल के सचिव शाह आलम खान ने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। शिक्षकों – शमीम सर, जुबैदा मैम, पिंकी – और छात्रों ने बारी नगर में भ्रमण कर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की सफलता में समाजसेवी जौहर और वकार खान उर्फ जौन, बेनेवोलेंट एजुकेशन एंड सोशल ट्रस्ट (बेस्ट), विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा। समाजसेवी शाहीद परवेज, उप-प्राचार्या लुबना सिद्दिकी, मुसर्रत जहां, जमीला खातून, जावेरिया और रियाज भी मौजूद रहे।

 

 

संत पीटर इंग्लिश हाई स्कूल, करनडीह का पर्यावरणीय योगदान
करनडीह के एसएस उच्च विद्यालय के खेल मैदान में संत पीटर इंग्लिश हाई स्कूल के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुखिया सरस्वती टुडू और भारत स्काउट एवं गाइड के नरेश कुमार ने पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।विद्यालय के बच्चों ने जोश के साथ भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।

 

 

केरूआडूंगरी पंचायत ने रखा 1000 पौधों का लक्ष्य
केरूआडूंगरी पंचायत में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व मुखिया कान्हू मुर्मू ने किया। उन्होंने पंचायतवासियों से हर वर्ष कम से कम एक पेड़ लगाने की अपील की।उन्होंने बताया कि इस वर्ष पंचायत क्षेत्र में 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य है, जिसे चरणबद्ध तरीके से गांवों में पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदीप प्रधान, बुलू महंती, सरोती हेंब्रम, पानोसोती मार्डी सहित शिक्षक, वार्ड सदस्य, जल सहिया तनिक महतो, पंचायत सहायक व ग्रामीण जन मौजूद थे।सभी ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया और अभियान में सक्रिय भागीदारी दिखाई।

 

 

कांग्रेस ने शहीदों की स्मृति में लगाए पौधे
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में लक्ष्मीनगर साइंटिफिक उद्यान में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 7 बजे शुरू हुए इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
अतिथियों का स्वागत सतीश कुमार और प्रखंड उपाध्यक्ष संध्या ठाकुर ने पौधा भेंट कर किया। इस अवसर पर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए 13 सैनिकों की स्मृति में पौधे लगाए गए। दुबे ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी को स्मरण में रखते हुए पौधारोपण कर भावी पीढ़ियों को प्रेरित किया जा सकता है।

 

 

वन विभाग का संदेश: पर्यावरण है जीवन का मूल आधार
मानगो के पृथ्वी पार्क में जिला वन पदाधिकारी शबा आलम अंसारी ने पौधारोपण करते हुए लोगों से अधिकाधिक वृक्षारोपण की अपील की।
उन्होंने कहा कि वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है। डीएफओ ने कहा कि पेड़ केवल ऑक्सीजन नहीं, बल्कि समूची प्रकृति का संतुलन बनाए रखते हैं।
इस अवसर पर रेंजर दिग्विजय सिंह, उमेश यादव और समाजसेवी पूर्वी घोष सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

 

जनता दल (यू) ने भी निभाई अपनी जिम्मेदारी
बर्मामाइंस क्षेत्र में जनता दल (यू) और अस्तित्व संस्था ने संयुक्त रूप से बीपीएम मध्य विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर जद (यू) जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण को लेकर सभी को गंभीर होना चाहिए और हर व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक वृक्ष जरूर लगाना चाहिए।कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए।

 

मां तुझे सलाम संस्था का संकल्प
खासमहल स्थित जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय के बाहर मां तुझे सलाम संस्था ने 10 छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण दिवस मनाया।
संस्था अध्यक्ष मोहम्मद अजहर खान ने आह्वान किया कि हर व्यक्ति को केवल इस दिवस पर नहीं, बल्कि पूरे वर्ष भर में अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनकी सेवा करने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में संस्था के नंदकिशोर ठाकुर, फरीद मलिक, राजू कालिंदी, कानू हेंब्रम, जोगेंद्र महतो और पंचायत मुखिया कालिदास भी शामिल रहे।

 

करुणामय मंडल का भावुक वक्तव्य: “विनाश की ओर बढ़ रहा मानव”
पोटका के शंकरदा गांव स्थित हरिहरनाथ महादेव मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व जिला पार्षद करुणामय मंडल ने कहा कि विकास की अंधी दौड़ में हम विनाश की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि निरंतर पेड़ों की कटाई और प्रदूषण फैलाने वाले कल-कारखाने पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं।
मंडल ने कहा कि पर्यावरण दिवस सिर्फ एक दिन की रस्म नहीं, बल्कि प्रकृति से प्रेम का निरंतर संकल्प होना चाहिए।
वृक्षारोपण के साथ मंदिर परिसर में विश्व शांति की कामना की गई। कार्यक्रम में रमेश चंद्र गोप, गणेश भकत, किशोर भकत, अशोक भकत और यमुना कांत भकत उपस्थित थे।

 

 

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर जमशेदपुर में कई संगठनों और संस्थाओं ने मिलकर एकजुट होकर यह संदेश दिया कि पर्यावरण की रक्षा हर नागरिक का कर्तव्य है। केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि जन-भागीदारी ही इस संकट से उबरने का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।

 

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: सरयू राय ने अपने हाथ में लिया नदियों की स्वच्छता का बड़ा काम, राज्यपाल से मिली सराहना

Spread the love

Related Posts

Bahragora : एनएच-18 पर भीषण सड़क हादसा, कोहरे के कारण टैंकर में घुसी कार; कटक रेफर किया गया घायल युवक

बहरागोड़ा : कोहरे की चादर और तेज रफ्तार का जानलेवा संगम शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर देखने को मिला। होटल ओम कृष्ण के पास खड़े एक टैंकर से कार की…

Spread the love

Gua : कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जगन्नाथपुर में वार्षिक परीक्षाफल वितरण सह अभिभावक गोष्ठी का आयोजन

गुवा :  पीएश्री कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय, जगन्नाथपुर में गुरुवार को शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षाफल वितरण सह अभिभावक गोष्ठी सफलतापूर्वक आयोजित किया गया ।इस अवसर पर जगन्नाथपुर…

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share this Page

Slide-In Box help you to share the page on the perfect time