जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के वर्कर्स कॉलेज के पास स्वर्णरेखा नदी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। छठ घाट पर स्नान करने उतरे एक दिव्यांग वृद्ध तेज बहाव में बह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वृद्ध घाट पर पहुंचे और अपने जूते व वॉकर किनारे रखकर नदी में उतरे। स्नान शुरू होते ही अचानक तेज बहाव में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में बहने लगे। घटना के समय घाट पर मौजूद लोग अफरातफरी में पड़ गए। कुछ युवक उन्हें बचाने के लिए नदी में कूदे, लेकिन तब तक वृद्ध काफी दूर बह चुके थे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही मानगो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने नदी से वृद्ध के जूते और वॉकर बरामद किए हैं। हालांकि, वृद्ध की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
पुलिस ने शव की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद लेने की तैयारी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वृद्ध अक्सर घाट के आसपास आते-जाते दिखाई देते थे और दिव्यांग होने के कारण चलने-फिरने में उन्हें कठिनाई होती थी। हादसे के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मिलकर नदी में सर्च अभियान चला रहे हैं और वृद्ध की तलाश जारी है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: उपायुक्त ने किया ‘जमशेदपुर हाट’ का शिलान्यास, कारीगरों और शिल्पकारों को मिलेगा साझा मंच




















































