जमशेदपुर: आज़ादनगर थाना क्षेत्र की गरीब नवाज़ कॉलोनी स्थित नौशाद कॉम्प्लेक्स के एक इलेक्ट्रॉनिक शो रूम के गोदाम में मंगलवार शाम अचानक आग लग गई। गोदाम मालिक नौशाद अली ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जो देखते ही देखते फैल गई। गोदाम में रखी बैटरियाँ, कूलर, एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू
नौशाद अली ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग पर नियंत्रण पाया गया, जिससे यह गोदाम के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल पाई। हालांकि आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि इलाके में अफरातफरी मच गई, लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
पुलिस ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलने पर आज़ादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि खबर लिखे जाने तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।


















































