जमशेदपुर: मानगो चौक–पारडीह रोड पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य गुरुवार से दोबारा शुरू हो गया है। पृथ्वी उद्यान के सामने जेसीबी से खुदाई का काम तेज़ी से चल रहा है। काम शुरू होते ही ट्रैफिक पुलिस ने मानगो चौक की ओर जाने वाली मुख्य सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया है, जबकि पारडीह की तरफ आने वाली लेन फिलहाल खुली रखी गई है।
निर्माण अवधि के लिए ट्रैफिक पुलिस की घोषित नई व्यवस्था आज से लागू हो गई है। जवाहर नगर रोड नंबर–15 के पास से भारी वाहनों का मानगो चौक की ओर प्रवेश बंद कर दिया गया है। चार पहिया वाहनों को रोकने के लिए रास्ते पर बड़े-बड़े पत्थर रखे गए हैं, ताकि सभी वाहन वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें।

स्वर्णरेखा नदी के ऊपर बनने वाले इस फ्लाईओवर का निर्माण डिमना रोड स्थित ब्लू बेल्स स्कूल से लेकर मानगो चौक तक तेजी से चल रहा है। मानगो चौक से पारडीह रोड तक पाइलिंग कार्य पूरा हो चुका है और अब आगे की संरचनात्मक तैयारी शुरू हो गई है।
मानगो चौक पर यह निर्माण कार्य 25 नवंबर को शुरू हुआ था, लेकिन जदयू कार्यकर्ताओं ने इसे रुकवा दिया था। जदयू नेता पप्पू सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यह कहते हुए आपत्ति जताई कि डिमना रोड फ्लाईओवर के अधूरे हिस्से को पहले पूरा किया जाए। स्थानीय विधायक सरयू राय के निर्देश पर निर्माण कार्य कुछ दिनों तक बंद रहा, लेकिन अब इसे फिर से शुरू कर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: ‘ग्रीन वाटिका’ प्रोजेक्ट में 1.25 करोड़ की ठगी का आरोप, छह के खिलाफ मामला दर्ज


















































