जमशेदपुर: पोटका और राजनगर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित छोटा सिजुलता गांव में बुधवार को दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात हुई। अज्ञात चोरों ने शिक्षिका सुरेखा सतपति और उनके पति रवि कुमार सतपति के घर को निशाना बनाते हुए करीब 17 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली। जानकारी के अनुसार, दंपति सुबह अपने भतीजे सूरज नंदा की सगाई में शामिल होने के लिए हाता स्थित इंपिरियल रिजॉर्ट गए थे। घर पूरी तरह खाली था। जब शाम लगभग पांच बजे वे लौटे, तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था।

अंदर जाकर उन्होंने पाया कि दोनों गोदरेज टूटे हुए हैं और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, लगभग 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी किए. चोरी गए गहनों में चार चेन, 11 अंगूठियां, एक हार, ब्यूटी सेट और तीन जोड़ी झुमके शामिल हैं।
घटना की सूचना तुरंत राजनगर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। रवि सतपति, जो पेशे से ट्रांसपोर्टर हैं, ने कहा, “चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि एनएच-220 किनारे स्थित घर में भी दिनदहाड़े वारदात कर रहे हैं।”
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई और पुलिस से गश्ती बढ़ाने की मांग की। पुलिस ने शीघ्र अपराधियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: दीपावली से पहले जुगसलाई में अवैध पटाखों की बिक्री जारी, प्रशासन ने दी चेतावनी


















































