जमशेदपुर: दीपावली नजदीक आते ही जुगसलाई के आवासीय इलाकों में पटाखों की अवैध बिक्री फिर से शुरू हो गई है। प्रशासन की सख्त हिदायतों के बावजूद कई दुकानदार चोरी-छिपे पटाखों का कारोबार कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने इस बार पिगमेंट गेट के पास पटाखों की दुकानें लगाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। उपायुक्त (DC) ने साफ निर्देश दिया कि किसी भी सार्वजनिक स्थल पर पटाखों की दुकान नहीं लगाई जाएगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जुगसलाई नगर परिषद ने भी दुकानदारों को लिखित निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने घरों या दुकानों में पटाखों का स्टॉक न रखें और बिक्री न करें। बावजूद इसके, कुछ व्यापारी सोशल मीडिया और बैनरों के माध्यम से पटाखों की बिक्री का प्रचार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दुकानदार गली के पीछे या घर से चोरी-छिपे पटाखे बेच रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर नागरिकों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में विशेष टीम बनाकर छापेमारी अभियान चलाया जाएगा।
जहां भी अवैध रूप से पटाखों की बिक्री पाई जाएगी, वहां तुरंत जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि सभी नागरिक सुरक्षित और प्रदूषण-मुक्त दीपावली मना सकें।
इसे भी पढ़ें :
Jadugora: बिना नोटिस नौकरी से हटाए गए गार्ड और सफाईकर्मी, जादूगोड़ा में प्रदर्शन


















































