जमशेदपुर: शनिवार को साकची के नागरमल मॉल के पास एक सनसनीखेज ठगी का का मामला प्रकाश में आया है। साधु के वेश में आए दो ठगों ने अनीता देवी और उनकी भतीजी प्रीति को झांसा देकर उनसे करीब ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने ठग लिए. पीड़िता ने साकची थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे कोलकाता की रहने वाली हैं और इन दिनों भुइयांडीह स्थित पटेल नगर में अपने रिश्तेदार के घर ठहरी हैं।
शनिवार की शाम महिला अपनी भतीजी के साथ छठ की खरीदारी के लिए साकची बाज़ार गई थीं। इसी दौरान नागरमल मॉल के पास उन्हें एक साधु मिला। साधु ने महिला को बताया कि वह हरिद्वार से आया है और महिलाओं के लिए खुले नए मेडिकल स्टोर का पता ढूंढ़ रहा है। महिला ने उससे कहा कि वह यहां नई हैं, और उन्हें इस मेडिकल स्टोर की जानकारी नहीं है। इसके बाद उस व्यक्ति ने महिला से पानी मांगा, तब महिला उसे कुछ पैसे देने लगी. लेकिन उस व्यक्ति ने पैसे लेने से इनकार कर दिया तथा पास की दुकान पर ले जाकर पानी खरीदवाया। पानी पीने के बाद ठग ने महिला से कहा कि उसके बेटे पर गंभीर संकट है, और अगर महिला चाहें तो वह अपनी प्रार्थना से वह संकट दूर कर सकता है।
इसी बीच एक और व्यक्ति वहां पहुंच गया, जो उसी गिरोह का सदस्य था। दोनों ठगों ने ने महिला और उसकी भतीजी से कहा कि वे अपनी मुठ्ठी बंद करें और अपने गहने निकालकर उनके हाथ में रखें ताकि वे पूजा कर संकट टाल सकें।
महिला ने बताया कि साधु के भेष में आए व्यक्ति ने उनसे उनका सोने का चेन, कान की बाली और कंगन, जबकि भतीजी प्रीति से चांदी की चेन उतरवाई। इसके बाद उसने कहा कि अब आप 21 कदम आगे चलिए, संकट टल जाएगा। महिला और उनकी भतीजी जैसे ही कुछ कदम आगे बढ़ीं वैसे हीं दोनों ठग गहने लेकर मौके से रफूचक्कर हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. प्राथमिक जांच में पुलिस को यह मामला घुमंतू ठग गिरोह का लग रहा है, जो साधु-संत का भेष धरकर महिलाओं को निशाना बनाता है। साकची थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और दोनों आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की ठगी से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है.
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: रास्ता मांगने पर दुकानदार पर चापड़ से जानलेवा हमला, राहगीरों ने हमलावर को दबोचा
















































