जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के कानू भट्टा में सोमवार देर रात जुआ खेलने के दौरान आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग तक की नौबत आ गई। इस घटना में भुइयांडीह कल्याणनगर निवासी 26 वर्षीय दीपक कुमार धीबर को छाती में गोली लग गई।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार रात करीब 2:30 बजे की है। कुछ युवक इमली के पेड़ के पास जुआ खेल रहे थे। खेल के दौरान कहासुनी इतनी बढ़ी कि एक युवक ने पिस्टल निकाल कर गोली चला दी। गोली दीपक की छाती में जा लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। आरोपी गोली चलाने के बाद फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल दीपक को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे टीएमएच रेफर किया। सुबह करीब 7 बजे परिजन टीएमएच पहुंचे और डॉक्टरों की सलाह पर उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स भेज दिया गया। फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना की जानकारी सिदगोड़ा पुलिस को दी गई है, हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर घबराया स्कूटी सवार, भागने की कोशिश में गिरकर घायल
There is no ads to display, Please add some


















































