- दशहरा पर लॉन्च हुआ एप, दुनिया के धावकों के लिए नया डिजिटल मंच
जमशेदपुर/नई दिल्ली : दशहरा के अवसर पर अरोक्कियम फाउंडेशन ने अपनी बहुप्रतीक्षित पहल करते हुए मोबाइल एप्लिकेशन ‘WRRIC Connect’ का सीज़न-4 आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया। अब यह एप दुनिया भर में उपलब्ध है। इसके ज़रिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर धावक, फिटनेस प्रेमी और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े लोग एक साझा मंच पर जुड़ सकते हैं। अरोक्कियम फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक अपू दास ने बताया कि यह एप केवल एक डिजिटल टूल नहीं है, बल्कि उनके मिशन – “हमेशा स्वस्थ रहें” – की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि WRRIC Connect को एक ऑल-इन-वन वेलनेस प्लेटफ़ॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। भले ही यह पूर्वोत्तर भारत में तैयार हुआ है, लेकिन इसका उद्देश्य पूरे विश्व को स्वास्थ्य और सामाजिक जुड़ाव की दिशा में जोड़ना है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : परविंदर के जिलाध्यक्ष पद पर मनोनयन को आनंदमय पात्रा ने सराहा
सीजन 4 का पंजीकरण शुरू, 12 से 18 अक्टूबर तक वैश्विक आयोजन
एप्लिकेशन लॉन्च के साथ ही ‘Walk Run Ride In Celebration (WRRIC)’ के सीज़न 4 का पंजीकरण भी आधिकारिक रूप से आरंभ हो गया है। इस वैश्विक आयोजन की शुरुआत आगामी 12 अक्तूबर को होगी, जो 18 अक्तूबर तक चलेगा। इसमें भाग लेने वाले प्रतिभागी वॉक, रन या साइक्लिंग के जरिए कहीं से भी जुड़ सकते हैं। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन पूरी तरह निःशुल्क है और केवल पंजीकरण की आवश्यकता है। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को आकर्षक इनाम, मेडल और प्रतीक चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा। विशेष रूप से, टॉप 56 प्रतिभागियों को ट्रॉफी और ई-सर्टिफिकेट तथा टॉप 500 प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल प्रदान किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : रोटरी क्लब और पुलिस के सहयोग से पुलिस अस्पताल में स्वास्थ्य जांच शिविर
पंजीकरण प्रक्रिया सरल, एप स्टोर और प्ले स्टोर पर उपलब्ध एप
पंजीकरण प्रक्रिया को बेहद आसान बनाया गया है। प्रतिभागियों को बस WRRIC Connect एप डाउनलोड कर अपना ‘Participant Profile’ बनाना होगा और फिर ‘Join In’ विकल्प चुनकर शून्य/निःशुल्क पंजीकरण प्राप्त करना होगा। एप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल एप स्टोर दोनों पर उपलब्ध है। आयोजक सूत्रों का मानना है कि इस पहल से वैश्विक स्तर पर फिटनेस के साथ मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के संदेश को और मज़बूती मिलेगी।















































