गुमला: झारखंड के गुमला जिले में मंगलवार देर रात सुरक्षा बलों और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) के बीच हुई मुठभेड़ में संगठन का एक बड़ा माओवादी कमांडर मार गिराया गया। मारे गए उग्रवादी की पहचान मार्टिन केरकेट्टा के रूप में हुई है, जिस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मार्टिन के निशाने पर आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो थे। इसकी सूचना खुफिया विभाग ने भी झारखंड पुलिस को दी थी.
पुलिस अधीक्षक हारीस बिन जमान ने बताया कि यह मुठभेड़ रात करीब 9:30 बजे कमडारा थाना क्षेत्र के चांगाबाड़ी उपरटोली गांव के पास हुई। उन्होंने कहा कि इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों की कई टीमें संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन पर निकली थीं। जैसे ही जवान चांगाबाड़ी उपरटोली के पास पहुंचे, वहां छिपे माओवादियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाला।
जवाबी कार्रवाई में PLFI का एरिया कमांडर मार्टिन केरकेट्टा मौके पर ही ढेर हो गया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल भी बरामद की है। एसपी ने बताया कि उस वक्त चार माओवादी मौके पर मौजूद थे, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर तीन भागने में कामयाब हो गए। फिलहाल इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है।
मार्टिन केरकेट्टा लंबे समय से गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा जिलों में PLFI की गतिविधियों का संचालन कर रहा था। उसके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज थे, जिनमें रंगदारी, आगजनी और पुलिस पर हमले जैसी घटनाएं शामिल हैं। सुरक्षा बलों के लिए यह कार्रवाई एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa मानहानि केस में राहुल गांधी को जमानत, झारखंड की चाईबासा कोर्ट ने दी बेल