खड़गपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे का खड़गपुर मंडल ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS) – 2025’ अभियान को बड़े उत्साह के साथ लागू कर रहा है। शुक्रवार को मंडल के प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छ आहार पहल और कीट एवं कृंतक नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया गया।
स्वच्छ आहार पहल के तहत सभी प्रमुख स्टेशनों पर खानपान स्टाल, फ़ूड प्लाज़ा, जन आहार इकाइयां और बेस किचन की गहन जांच की गई। बालेश्वर स्टेशन पर स्वास्थ्य निरीक्षक ने खानपान इकाइयों में स्वच्छ भोजन प्रबंधन, सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों के पालन की समीक्षा की।
स्टेशनों और ट्रेनों में कीट एवं कृंतक नियंत्रण के लिए भी विशेष अभियान चलाया गया। संतरागाछी यार्ड में पेंट्री कारों और रेल डिब्बों में व्यवस्थित कीट नियंत्रण उपचार किया गया। इसके अलावा बालेश्वर, संतरागाछी, शालीमार, डोमजूर, खड़गपुर और अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी इसी तरह के अभियान चलाए गए।
खड़गपुर मंडल का लक्ष्य है यात्रियों को स्वच्छ परिवेश, स्वास्थ्यकर भोजन और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करना। इस अभियान के माध्यम से रेलवे प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि सभी स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता के उच्चतम मानक बनाए रखें जाएं।