जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के मिर्जाडीह स्थित फ्लाइओवर निर्माण स्थल से लोहे, शटरिंग प्लेट और पाइप की चोरी का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी की यह घटना एक दिन में नहीं, बल्कि 26 फरवरी की रात से लेकर 3 मार्च की दोपहर तक लगातार होती रही, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। घटना के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ बोड़ाम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
मामले के वादी निखलेश प्रताप हैं, जो बोड़ाम थाना क्षेत्र के मिर्जाडीह के रहने वाले हैं। उनका मूल निवास उत्तर प्रदेश के सिरसा टिप्पू अलीगंज में बताया गया है। निखलेश प्रताप ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मिर्जाडीह में बन रहे फ्लाइओवर के निर्माण कार्य में लगी कंपनी एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड (कैंप-3) के साइट से भारी मात्रा में निर्माण सामग्री चोरी हो गई है।
उन्होंने बताया कि 26 फरवरी की रात करीब 11 बजे से चोरी की घटना शुरू हुई और 3 मार्च को दोपहर 2 बजकर 38 मिनट तक अलग-अलग समय पर चोर निर्माण स्थल से लोहे के सरिए, शटरिंग प्लेट और पाइप उठाकर ले जाते रहे। चोरी की इस घटना से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
बताया जा रहा है कि चोरी की जानकारी मिलने के बाद कंपनी प्रबंधन और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। इसके बाद निखलेश प्रताप ने बोड़ाम थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
इधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। साथ ही निर्माण स्थल के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं लगातार कई दिनों तक निर्माण स्थल से सामग्री चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : XLRI को बम से उड़ाने की धमकी, पाकिस्तान से आया धमकी भरा इ-मेल, कैंपस कराया गया खाली
There is no ads to display, Please add some


















































