खड़गपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को शालीमार और संतरागाछी रेलवे स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडे सहित मंडल और मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
शालीमार स्टेशन में जीएम मिश्रा ने स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया और यार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने यार्ड रीमॉडलिंग कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के रखरखाव के लिए बनाए जा रहे आधुनिक वंदे भारत डिपो का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने “अमृत संवाद” पहल के तहत यात्रियों से मुलाकात कर रेलवे की विकास योजनाओं और यात्री सुविधाओं पर उनकी राय और सुझाव भी सुने।
संतरागाछी स्टेशन पहुंचकर महाप्रबंधक ने ट्रेन संचालन क्षमता और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए चल रहे बुनियादी ढांचा और यार्ड रीमॉडलिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संकरेल लिंक लाइन का भी निरीक्षण किया और उसकी कनेक्टिविटी और संचालन व्यवस्था की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण और विकास कार्य समय पर पूरे हों और यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुविधा और परिचालन दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।