सरायकेला: चांडिल अनुमंडल स्थित डैम शीशमहल परिसर में रविवार को रायडीह मांझी बाबा तरणी चरण मुर्मू की अध्यक्षता में मांझी एभेन आखड़ा की अनुमंडल स्तरीय संयोजक मंडली की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन खुंटी के मांझी बाबा कुनाराम सोरेन ने किया।
बैठक में संयोजक सह कुरली मांझी बाबा संजीव टुडू ने बताया कि आगामी 16 नवंबर 2025 को शीशमहल चांडिल डैम भवन में चारों प्रखंड — चांडिल, नीमडीह, ईचागढ़ और कुकड़ू — के लगभग 300 मांझी बाबा एकत्रित होंगे। इस दौरान संगठन की नीतियों और जनहित से जुड़ी मांगों पर चर्चा होगी।
तीन सूत्रीय मांगों पर बनेगी रणनीति
जगमांझी सह समाजसेवी बाबू राम सोरेन ने कहा कि बैठक में तीन प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श कर निर्णय लिया जाएगा —
राज्य में पेसा नियमावली को लागू करवाना,
सारना धर्म को अलग कोड दिलाना,
मांझी बाबा को ग्राम प्रधान का दर्जा दिलाना।
उन्होंने कहा कि आदिवासी अधिकार, अस्मिता और पहचान के संरक्षण के लिए सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन चलाया जाएगा। अगर सरकार ने मांगे पूरी नहीं कीं, तो आंदोलन हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक ले जाया जाएगा।
बैठक में रोहिना टुडू, बुद्धेश्वर सोरेन, इन्द्र टुडू, गोपाल सोरेन, रवि बेसरा, शिवचरण मांझी, बाबलु टुडू, बिजय मुर्मू समेत कई मांझी बाबा और संगठन के सदस्य मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें :
Kharagpur: खड़गपुर मंडल में RPF की त्वरित कार्रवाई, नाबालिग को बचाया – खोया सामान लौटाया




















































