सरायकेला: कपाली ओपी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हासांडुगरी काला ईंट भट्टा के समीप छापेमारी कर मोहम्मद अरमान (पिता शेख जुम्मन) को 81 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथों धर दबोचा है.
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि उक्त क्षेत्र में एक युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है। इस आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की। आरोपी के पास से 81 पुड़िया ब्राउन शुगर समेत 2800 रुपये नकद, एक काले रंग की एक्टिवा स्कूटी (JH05DW-1909) और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि मोहम्मद अरमान स्थानीय स्तर पर ब्राउन शुगर की सप्लाई करता था और नशे के इस नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इससे जुड़े सप्लायरों का नेटवर्क कितना व्यापक है।
ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने स्पष्ट किया कि कपाली क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नशे के धंधे में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की यह कार्रवाई स्थानीय लोगों के लिए राहत की खबर है और इलाके में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ाती है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: मानगो पलंग मार्केट में देर रात भीषण आग से जली कई दुकानें — रंगदारी विवाद की आशंका















































