चांडिल: चांडिल थाना क्षेत्र के जोधा ब्रिज के पास गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में चैनपुर गांव निवासी 19 वर्षीय रवि सिंह सरदार गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रवि किसी काम से घर से निकला था, तभी जोधा ब्रिज के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रवि सड़क किनारे गिरकर बुरी तरह घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। चांडिल थाना की टीम पहुंचकर घायल रवि को अनुमंडल अस्पताल लेकर गई, जहाँ प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया।
टीएमएच में इलाज के दौरान देर रात रवि ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह जैसे ही यह खबर चैनपुर गांव पहुँची, परिवार और ग्रामीणों में मातम छा गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से वाहन की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई – बिना चालान के गिट्टी लदा हाईवा जब्त, माफियाओं में हड़कंप


















































