मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, जमा करने एवं डिजिटाइजेशन में मिलेगा सहयोग
जमशेदपुर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन के आदेशानुसार जिले के शहरी क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से 26 एवं 27 जुलाई 2026 को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। गणना प्रपत्रों के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य को गति देने के लिए शहरी मतदान केंद्रों पर यह कैंप आयोजित किया जा रहा है।
विशेष कैंप विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 46- पोटका (अ.ज.जा) में जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत बूथ संख्या 1 से 104 तक, 47-जुगसलाई (अजा.) में जुगसलाई नगर परिषद अंतर्गत बूथ संख्या 156 से 203 तक तथा जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत 204 से 381 तक तथा 48-जमशेदपुर पूर्वी और 49-जमशेदपुर पश्चिमी के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैम्प आयोजित होंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी के आदेशानुसार कैंप के दौरान प्रतिदिन पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, जमा करने तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में सहयोग प्रदान किया जाएगा। विशेष कैंपों में संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, स्वयंसेवक (Volunteers), स्वयं सहायता समूह (SHG) एवं सीआरपी (CRP) की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी गणना प्रपत्रों को मतदान केंद्रवार व्यवस्थित रखने तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर गणना प्रपत्र से संबंधित प्रक्रिया पूर्ण करें तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जंतर-मंतर की घटना एवं राहुल गाँधी कि गिरफ्तारि लोकतंत्र पर आघात, छात्रों की आवाज नहीं दबाई जा सकती : डॉ. परितोष


















































