- सीआरपीएफ एफ/197 बटालियन ने जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच सामग्री वितरण व स्वास्थ्य जांच कराई
गुवा : गुवा प्रखंड के उसरूईयां गांव में सीआरपीएफ की एफ/197 बटालियन द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम एवं मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस उपमहानिरीक्षक (परिचालन) चाईबासा विनोद कार्तिक ने की। इस अवसर पर 197 बटालियन के कमांडेंट सुरेश कुमार, 193 बटालियन के कमांडेंट ओमजी शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी विजय कुमार तथा द्वितीय कमान अधिकारी प्रमेन्द्र नारायण की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का नेतृत्व निरीक्षक विश्वास चतुर्वेदी, कंपनी कमांडर एफ/197 बटालियन ने किया। आयोजन के दौरान ग्राम के जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। महिलाओं को साड़ियां, बेडशीट, स्टील प्लेट, कटोरी, गिलास, चम्मच, मच्छरदानी और पानी की स्टील बाल्टी प्रदान की गई। वहीं बुजुर्गों को कंबल, गमछा, लुंगी, फावड़ा, दराती, सोलर लैंटर्न और रेडियो उपलब्ध कराए गए, जिससे उनके दैनिक जीवन में सुविधा हो सके।
इसे भी पढ़ें : Bodam : बोड़ाम में मवेशी चोरी गिरोह का पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार
मेडिकल कैंप और जागरूकता संदेश से बढ़ा भरोसा
कार्यक्रम के तहत युवाओं और बच्चों को खेल सामग्री के रूप में ट्रैक सूट, वॉलीबॉल, वॉलीबॉल नेट और फुटबॉल वितरित किए गए। स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, पेंसिल, रबर, शार्पनर सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री दी गई। साथ ही आयोजित मेडिकल कैंप में मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं का वितरण किया गया। सामग्री वितरण के बाद सभी उपस्थित ग्रामीणों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की गई। इस मौके पर डीआईजी विनोद कार्तिक और कमांडेंट सुरेश कुमार ने ग्रामीणों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और नक्सलवाद के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए शिक्षा और खेल में आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा भरोसा दिलाया कि सीआरपीएफ उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है और झारखंड को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। कार्यक्रम के बाद गांव में खुशी और संतोष का माहौल देखा गया।