जमशेदपुर: पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन करने का निर्णय लिया है. इसी कड़ी में, भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में सोमवार को बिस्टुपुर स्थित तुलसी भवन सभागार में ‘अटल विरासत सम्मेलन’ आयोजित किया जाएगा. भा.ज.पा. जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि इस सम्मेलन के माध्यम से अटल जी के नेतृत्व, उनकी नीतियों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अटल जी ने भारत को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित किया और उनकी दूरदृष्टि और नीतियां आज भी प्रेरणादायक हैं.
सम्मेलन का उद्देश्य
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य अटल जी की राष्ट्रसेवा की विरासत को संजोना और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है. सम्मेलन में अटल जी के विचारों और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान पर चर्चा की जाएगी. हजारीबाग के पूर्व सांसद और झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ यदुनाथ पांडेय इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे.
सम्मानित होंगे 300 कार्यकर्ता
इस कार्यक्रम में भाजपा जमशेदपुर महानगर के वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध नागरिकों और अटल जी के प्रशंसकों को आमंत्रित किया गया है. सम्मेलन में 300 कार्यकर्ताओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : Jharkhand Politics: कांग्रेस सदन में सरकार की कार्रवाई का विरोध कर क्या सिद्ध करना चाहती है? क्या हैं इसके मायने आइए जानते हैं…
















































