जमशेदपुर : जन शिकायत निवारण दिवस पर उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराते हुए समाधान की मांग की। जन शिकायत निवारण दिवस में पुलिया निर्माण, जलाशय में नौका परिचालन की अनुमति, पेंशन, चिकित्सीय सहायता, आवास, जमीन के म्यूटेशन, पेट्रोल पंप के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) व जनहित से जुड़े अन्य आवेदन और ज्ञापन प्राप्त हुए। इसके अलावा जमीन उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे की ठगी, महिला स्वयं सहायता समूहों से ऋण दिलाते हुए पूरी राशि की ठगी तथा अवैध पेट शॉप के संचालन से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं।
उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के आलोक में संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को नियमानुसार जांच करते हुए यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारी प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करें, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन द्वारा जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जा रही है।
There is no ads to display, Please add some


















































