खड़गपुर : स्वच्छता पखवाड़ा-2026 और विशेष अभियान 6.0 के तहत खड़गपुर रेल मंडल की ओर से शुक्रवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके तहत रेलवे परिसरों से अनधिकृत पोस्टर, बैनर और दीवारों पर लिखे विज्ञापनों को हटाने के साथ पान-गुटखा की पीक और पेशाब के दाग साफ किए गए। इसके अलावा कीट एवं चूहा नियंत्रण तथा मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के उपाय भी किए गए।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, फुट ओवरब्रिजों, भूमिगत मार्गों, चारदीवारी और रेलवे कॉलोनियों में लगे अनधिकृत पोस्टर, स्टीकर और बैनर हटाए गए। पोस्टर हटाने के बाद गंदी हुई दीवारों और खंभों की रंगाई-पुताई भी की गई, ताकि परिसर की सुंदरता बहाल करने के साथ दोबारा पोस्टर चिपकाने पर भी रोक लगाई जा सके।
रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से ‘लाल-पीले दाग मुक्त’ विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया। इसके तहत दीवारों, खंभों, सीढ़ियों, प्लेटफॉर्म के कोनों, फुट ओवरब्रिजों और भूमिगत मार्गों पर जमा पान-गुटखा की पीक तथा पेशाब के दागों को साफ किया गया। यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए साफ किए गए स्थानों पर ‘यहां न थूकें’ और ‘थूक कर मत गंदा करो’ जैसे संदेशों का प्रचार किया गया। रेलवे नियमों के तहत थूकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई पर भी जोर दिया गया।
अभियान के दौरान यात्रियों की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों, विशेषकर स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार, सीढ़ियों, भूमिगत मार्गों तथा प्लेटफॉर्म के कोनों पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके साथ ही स्टेशनों और ट्रेनों में कीट एवं चूहा नियंत्रण के उपाय किए गए। रेलवे कॉलोनियों में मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने और कीटनाशक के छिड़काव की व्यवस्था भी स्वच्छता अभियान का हिस्सा रही।
खड़गपुर रेल मंडल ने इन प्रयासों के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और यात्री-अनुकूल रेलवे परिसर उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मंडल की ओर से यात्रियों और आम लोगों से रेलवे परिसर में थूकने, कचरा फैलाने तथा रेलवे संपत्ति को गंदा करने से बचने और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
इसे भी पढ़ें : Kolkata : एशियाई खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम की बेहतर उपलब्धि पर सलीमा टेटे, निक्की प्रधान व दीपिका सोरेंग सम्मानित
There is no ads to display, Please add some


















































