बहरागोड़ा: शुक्रवार रात बहरागोड़ा के माटिहाना क्रिकेट मैदान में प्रतिष्ठित शॉर्ट हैंड नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। रोशनी से चमकते मैदान पर खिलाड़ियों और दर्शकों में खेल को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में युवा समाजसेवी कुनाल महतो को आमंत्रित किया गया था। हालांकि वे निजी कार्यवश बाहर होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उनके निर्देश पर युवा नेता चंदन सीट उद्घाटन समारोह में उपस्थित हुए और फीता काटकर टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन के दौरान संबोधित करते हुए चंदन सीट ने कहा कि खेलकूद न सिर्फ युवाओं को अनुशासन सिखाता है, बल्कि उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से सक्षम बनाता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने की पहल की सराहना की।
उद्घाटन समारोह को सफल बनाने में स्वरूप पानी, सामू शीट, समीर जाना, तापु शीट, जीत कुमार सहित कई स्थानीय युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आने वाले दिनों में प्रतियोगिता में क्षेत्र की कई टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे माटिहाना मैदान में रातभर रोमांचक मुकाबले जारी रहेंगे।


















































