पोटका: हल्दीपोखर में आगामी 20 जनवरी से श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर सोमवार को एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य लोगों और स्थानीय निवासियों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता नरेंद्रनाथ मंडल ने की। चर्चा के दौरान यह निर्णय लिया गया कि कथा आयोजन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एक विधिवत संचालन समिति का गठन किया जाए। इसके तहत समिति का नाम “श्रीमद् भागवत कथा संचालन समिति, हल्दीपोखर” तय किया गया।
सर्वसम्मति से समिति में नरेंद्रनाथ मंडल को अध्यक्ष, दिलीप अग्रवाल को सचिव और शीतल मंडल को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। समिति को आयोजन की सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और लोक कल्याण के उद्देश्य से किया जा रहा है। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग और सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया।
बैठक में सूरज मंडल, निलय मंडल, सूरज मोदक, घनश्याम, मिलन मंडल, रमेश मोदक, मलय मंडल, रोहन साहू, तपन गोप, दिनेश मंडल सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे।
There is no ads to display, Please add some



















































