- बीएड कैंपस में अज्ञात तत्वों की हरकत, दस्तावेज सुरक्षित
- महाविद्यालय परिसरों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के मटिहाना स्थित बहरागोड़ा महाविद्यालय के बीएड कैंपस में बीती रात अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा सेंधमारी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। शरारती तत्वों ने रिकॉर्ड रूम का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने और दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि राहत की बात यह रही कि रिकॉर्ड रूम में रखे गए सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री पूरी तरह सुरक्षित पाई गई। घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब महाविद्यालय के व्याख्याता डॉ. नायक मुख्य द्वार खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि रिकॉर्ड रूम के दरवाजे को नुकसान पहुंचाया गया है और ताला टूटा हुआ है। इसके बाद उन्होंने तत्काल इस घटना की सूचना महाविद्यालय के प्राचार्य को दी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो में एनसीपी की बैठक, पेशा कानून और जनजातीय अधिकारों पर हुआ मंथन
शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा पर उठे सवाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य डॉ. बी.के. बेहरा ने तुरंत बहरागोड़ा थाना प्रभारी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी शंकर प्रसाद कुशवाहा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि चोरी या तोड़फोड़ का प्रयास जरूर हुआ है, लेकिन किसी प्रकार की फाइल या संपत्ति की चोरी नहीं हुई है। इस घटना के बाद महाविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि मटिहाना स्थित इस कैंपस में वर्तमान में कोई भी सुरक्षा प्रहरी तैनात नहीं है। प्राचार्य डॉ. बेहरा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से गार्ड की नियुक्ति को लेकर लिखित आग्रह किया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।