जमशेदपुर : टाटा स्टील की सुरक्षा टीम ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए प्लांट के विभिन्न जोनों में चोरी के कई प्रयासों को विफल कर दिया। इन घटनाओं ने कंपनी परिसंपत्तियों की सुरक्षा के प्रति विभाग की मजबूत प्रतिबद्धता को फिर साबित किया है।
पहली बड़ी कार्रवाई मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे जोन-3 के सीएसडी रेलवे ट्रैक क्षेत्र में हुई, जहां गश्ती के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने दो संदिग्धों विक्रम प्रधान (23) और मोहम्मद बिलाल (17) को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से करीब 38 किलोग्राम इंसुलेटेड कॉपर केबल बरामद हुआ, जिसे वे अवैध रूप से ले जा रहे थे।
दूसरी घटना रात करीब 1:00 बजे एलडी-3 टीएससीआर स्टोर क्षेत्र में हुई, जहां विकाश घोष (17) को संदिग्ध हालत में पकड़ा गया। हालांकि उसके पास से कोई सामान नहीं मिला, लेकिन यह कार्रवाई सुरक्षा की सतर्कता को दर्शाती है।
वहीं रात 10 बजे जोन-4 के टीएसडीपीएल स्क्रैपयार्ड क्षेत्र से मोहम्मद काशिम (46) को प्रतिबंधित क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के दौरान पकड़ा गया। सभी आरोपितों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

















































