चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में टी-20 टूर्नामेंट की संभावित तिथि 22 सितंबर रखी गई है, जबकि खिलाड़ियों का ऑक्शन 12 सितंबर को होना है। इसी बीच 9 सितंबर को जारी अंतिम ऑक्शन सूची को लेकर स्थानीय खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों के बीच सवाल उठने लगे हैं।
टूर्नामेंट के लिए पहले से निर्धारित नियमों में उल्लेख था कि इसमें केवल चाईबासा के खिलाड़ी ही हिस्सा लेंगे। इसी आधार पर पहले जारी की गई ऑक्शन सूची में भी केवल चाईबासा के खिलाड़ियों को शामिल किया गया था। लेकिन अब जारी अंतिम सूची में राज्य स्तर और रणजी ट्रॉफी स्तर के खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है, जिनमें कई खिलाड़ी चाईबासा के स्थानीय नहीं हैं।
इस बदलाव से स्थानीय खिलाड़ियों के अवसर को लेकर चिंता बढ़ गई है। राज्य और रणजी स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के शामिल होने से जिला एवं स्थानीय स्तर के उभरते खिलाड़ियों के चयन की संभावनाएं कम हो सकती हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि बाहरी खिलाड़ियों को शामिल करना था, तो पहले जारी नियमों और ऑक्शन सूची में इसकी स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी गई।
स्थानीय खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों का कहना है कि किसी भी प्रतियोगिता में नियमों की पारदर्शिता और सभी खिलाड़ियों के लिए समान अवसर जरूरी है। उनका सवाल है कि पहले से निर्धारित नियमों में बदलाव कब और किस आधार पर किया गया, और क्या अंतिम सूची में शामिल बाहरी खिलाड़ियों को नियमों के तहत खेलने की अनुमति है।
ऐसे में स्थानीय खिलाड़ियों की मांग है कि 12 सितंबर के ऑक्शन से पहले आयोजक इस पूरे मामले पर स्पष्ट स्थिति सामने रखें और खिलाड़ियों की पात्रता के नियम सार्वजनिक करें। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रतियोगिता में स्थानीय प्रतिभाओं को भी निष्पक्ष अवसर मिले और ऑक्शन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल नोआमुंडी में धूमधाम से मनाया गया ‘शिक्षक दिवस’



















































