झाड़ग्राम: आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े ग्रामीण परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए झाड़ग्राम के गोपीबल्लभपुर-2 ब्लॉक अंतर्गत पेटबिंधी ग्राम पंचायत क्षेत्र में एक स्थायी मैरिज हॉल का निर्माण किया गया है. यह हॉल पेटबिंधी हाटचाला के भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित है, जिससे दूर-दराज़ के लोग भी आसानी से इसका लाभ उठा सकेंगे.
मूलभूत सुविधाओं से युक्त है यह सामुदायिक भवन
करीब 10 लाख रुपये की लागत से बने इस हॉल में पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं. इसमें एक साथ लगभग दो सौ लोग बैठकर भोजन कर सकते हैं. विशेष बात यह है कि ग्रामीण गरीब परिवार इसे बेहद मामूली शुल्क पर उपयोग कर सकेंगे.
क्यों था इसकी ज़रूरत?
ग्रामीण इलाकों में विवाह या अन्य पारिवारिक आयोजनों के समय टेंट और पंडाल का खर्च गरीब परिवारों के लिए आर्थिक बोझ बन जाता है. पंचायत ने इसी समस्या का स्थायी समाधान निकालते हुए इस भवन का निर्माण पंचम वित्त आयोग से प्राप्त राशि के माध्यम से किया.
विवाह से होगा उद्घाटन
ग्राम पंचायत के प्रधान शंकर प्रसाद दे के अनुसार, “हम चाहते हैं कि इसका उद्घाटन किसी विवाह समारोह के माध्यम से हो, ताकि यह शुरुआत से ही अपनी उपयोगिता सिद्ध कर सके. यदि आगे और फंड मिला तो इसे और भी विकसित किया जाएगा.”
बहुआयामी उपयोग की संभावना
यह हॉल न केवल विवाह, बल्कि सांस्कृतिक, सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए भी उपयोग में लाया जा सकेगा. स्थानीय निवासी इस पहल को ग्रामीण विकास की दिशा में एक मजबूत कदम मानते हैं.
स्थानीय प्रतिक्रिया
देवाशीष मंडल और संजीव साथपती जैसे स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना न केवल सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देगी, बल्कि क्षेत्र के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगी.
इसे भी पढ़ें :
Jhargram: बहरागोड़ा से झाड़ग्राम तक सेवा का संदेश, एकता की मिसाल बनी रक्तदान यात्रा



















































