बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के केसरदा पंचायत अंतर्गत मोहूली गांव में शनिवार को मनसा पूजा का आयोजन बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ हुआ। इस मौके पर तालबांध तालाब से गाजे-बाजे और ढोल नगाड़ों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कलश यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण रहे उस्ताद, जिन्होंने अपने गले में ज़िंदा साँप लपेटकर हैरतअंगेज करतब दिखाए। उनका यह प्रदर्शन न केवल भक्तिमय माहौल को और रोचक बना रहा था, बल्कि दर्शकों को भी मंत्रमुग्ध कर रहा था।

मनसा देवी को सर्पों की देवी माना जाता है। इस पूजा का आयोजन विशेष रूप से सर्पदंश से सुरक्षा और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए किया जाता है। मोहूली, पाठानडीहा और चंचलदा गांव के लोगों ने स्थानीय रीति-रिवाजों और पारंपरिक अनुष्ठानों का पालन करते हुए पूजा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कलश यात्रा के बाद, कलश को मनसा थान में स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पूजा को सफल बनाने में कमेटी के सदस्य — अध्यक्ष हृषिकेश गिरि, कोषाध्यक्ष सुमन तिवारी, उपाध्यक्ष सूरज देहरी, और सदस्य सागर सिंह, अबनी देहरी, भवानी देहरी, शंभू बसाई, सुभाष देहरी, पलाश गिरि, नारायण भक्ता, बापी भालू, बासुदेव महंती, शिवलाल देहरी, बंकिम देहरी, सोनू देहरी, आकाश तिवारी, आकाश पातर — सक्रिय रूप से शामिल रहे।
इसे भी पढ़ें :
TPS DAV पब्लिक स्कूल में दीपावली और छठ पूजा का रंगीन आयोजन, छात्रों ने मनाया सांस्कृतिक उत्सव




















































