रांची: राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को मुख्य सचिव अलका तिवारी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में जमशेदपुर के मानगो को नया पुलिस अनुमंडल बनाने की स्वीकृति दी गई।
मुख्य सचिव ने बैठक में कहा कि सभी जिलों की जरूरतों का आकलन किया जाए। इससे अपराध के पैटर्न, ट्रेंड और संसाधनों का स्पष्ट आंकड़ा मिलेगा, ताकि अपराध रोकथाम के लिए संसाधनों का सही बंटवारा किया जा सके।
गृह सचिव वंदना डाडेल ने बताया कि मानगो क्षेत्र में आर्थिक अपराध, नशा कारोबार और अन्य आपराधिक मामलों में बढ़ोतरी हो रही थी। इसी कारण इसे नया पुलिस अनुमंडल बनाने की जरूरत महसूस की गई।
डीजीपी अनुराग गुप्ता ने जानकारी दी कि मानगो पुलिस अनुमंडल, जमशेदपुर (मुख्यालय) और पटमदा अनुमंडल से काटकर बनाया जाएगा। इसमें उत्क्रमित थाना मानगो, आजादनगर और ओलीडीह ओपी शामिल होंगे।
बैठक में वित्त सचिव प्रशांत कुमार, कार्मिक सचिव प्रवीण टोप्पो, राजस्व एवं भूमि सुधार सचिव चंद्रशेखर, ग्रामीण विकास सचिव के. श्रीनिवासन और आईजी नरेन्द्र कुमार सिंह मौजूद रहे। सभी ने अपने-अपने विभाग से जुड़े मुद्दे रखे और प्रस्ताव को अनुमोदन दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: जन्मदिन पर पूजा, सेवा और शुभकामनाओं से घिरीं पूर्णिमा दास साहू – मुख्यमंत्री ने भी दी बधाई