
देवघर: मोहनपुर प्रखंड के बलथर पंचायत स्थित सिकटिया गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना घटित हुई, जब 12 वर्षीय किशोरी सीता कुमारी तालाब में कपड़ा धोते वक्त फिसल कर डूब गई। ग्रामीणों के अनुसार, वह अकेली कपड़े लेकर तालाब की ओर गई थी, जहां पैर फिसलने के बाद वह पानी में लापता हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सुरेंद्र यादव ने तुरंत देवघर उपायुक्त को सूचित करते हुए एनडीआरएफ टीम की मांग की। तत्पश्चात एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और तालाब में किशोरी की तलाश शुरू की।
गोताखोरों ने तालाब में गहराई तक खोजबीन की, परंतु तालाब में पानी अत्यधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
घटनास्थल पर प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार चौधरी, अंचल निरीक्षक तरुण कुमार, बलथर पंचायत की सचिव डोली कुमारी, उप मुखिया पिंकू तांती, झामुमो के प्रखंड उपाध्यक्ष श्रीकांत यादव समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: बाढ़ से बेहाल जमशेदपुर, हजारों घर डूबे – प्रशासन पर बरसे विधायक सरयू राय