फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद जिले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए धौज इलाके में डॉक्टर के घर से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए हैं।
जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने छापेमारी के दौरान 12 बैग आरडीएक्स, दो ऑटोमैटिक पिस्टल, 84 कारतूस, पांच लीटर केमिकल और एक एके-56 राइफल बरामद की है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी मुजाहिल शकील की निशानदेही पर यह छापा मारा गया। आरोपी को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दो दिन पहले गिरफ्तार किया था। पूछताछ में डॉक्टर का नाम सामने आने के बाद टीम ने फरीदाबाद में छापेमारी की।
पुलिस को आशंका है कि बरामद आरडीएक्स और हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आतंकी साजिश में किया जा सकता था। सुरक्षा एजेंसियां अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं कि यह विस्फोटक सामग्री कहां से आई और इसका उद्देश्य क्या था।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, इतनी बड़ी मात्रा में आरडीएक्स का मिलना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरे का संकेत है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और डॉक्टर के घर से जुड़े सभी संपर्कों की जांच जारी है।


















































