बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के कालियाडिंगा फ्लाईओवर के पास हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने एक मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया छीन लिया। कोकमारा गांव के 31 वर्षीय दीपक पैड़ा अब हमारे बीच नहीं रहे। मिली जानकारी के अनुसार विगत रात्रि दीपक पैड़ा अपनी बाइक के साथ निशि होटल के समीप सड़क किनारे खड़े थे। उन्हें शायद आभास भी नहीं था कि पीछे से आ रहा एक अज्ञात वाहन काल बनकर उनकी ओर बढ़ रहा है। अनियंत्रित वाहन ने दीपक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से उन्हें गंभीर हालत में पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा रेफर किया गया। लेकिन अफसोस, तमाम कोशिशों के बाद भी दीपक को बचाया नहीं जा सका।
उजड़ गया एक छोटा सा संसार
दीपक अपने पीछे अपनी पत्नी और एक 6 वर्षीय मासूम बच्चे को छोड़ गए हैं। जिस घर में कल तक दीपक की हंसी गूंजती थी, आज वहां केवल चित्कार और सन्नाटा है। परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं, और पूरा कोकमारा गांव इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है।



















































