नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लिए कई बड़े ऐलान किए। इनमें जीएसटी सुधार, युवाओं के लिए रोजगार योजना, कृषि विकास, तकनीक में आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मिशन शामिल हैं।
दिवाली पर GST में बदलाव
पीएम मोदी ने कहा कि इस दिवाली पर देश को एक बड़ा तोहफा मिलेगा। आठ साल में टैक्स व्यवस्था को सरल बनाने के बाद अब “नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म्स” लाए जाएंगे। इससे उद्योगों को लाभ, रोजमर्रा की चीजें सस्ती और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

युवाओं के लिए ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’
युवाओं के लिए उन्होंने ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ शुरू करने की घोषणा की। 1 लाख करोड़ रुपये की इस योजना के तहत निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी, जबकि ज्यादा रोजगार देने वाली कंपनियों को इनाम मिलेगा। इसका लक्ष्य 3.5 करोड़ युवाओं को रोजगार देना है।
ऊर्जा और खनिज में आत्मनिर्भरता
ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए ‘डीप वॉटर एक्सप्लोरेशन मिशन’ शुरू किया जाएगा, जिसके जरिए समुद्र में तेल और गैस के भंडार खोजे जाएंगे। साथ ही ‘नेशनल क्रिटिकल मिनरल मिशन’ के तहत रक्षा और तकनीक के लिए जरूरी खनिजों की खोज 1200 स्थानों पर की जाएगी।
तकनीक में ‘मेड इन इंडिया’ पहल
तकनीक में आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों और इंजीनियरों से स्वदेशी फाइटर जेट इंजन बनाने का आह्वान किया। उद्योग सुधार के लिए उन्होंने एक टास्क फोर्स गठित करने की घोषणा की, जो 21वीं सदी की जरूरतों के मुताबिक नीतियां बनाएगी और काम आसान करेगी।
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था
कृषि क्षेत्र में ‘पीएम धनधान्य कृषि योजना’ के तहत 100 कमजोर कृषि जिलों में खेती सुधार का काम होगा। मछुआरों और पशुपालकों के हितों की रक्षा का भी आश्वासन दिया गया।
भाषा और ज्ञान संरक्षण
भाषा और ज्ञान संरक्षण के लिए ‘ज्ञान भारतम योजना’ शुरू की जाएगी, जिसके तहत पुराने ग्रंथ, पांडुलिपियां और दस्तावेज तकनीक के माध्यम से संरक्षित और सार्वजनिक किए जाएंगे।
जनसंख्या और सुरक्षा मिशन
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ‘हाई पावर्ड डेमोग्राफी मिशन’ शुरू किया जाएगा, जिसका उद्देश्य घुसपैठ और उसके सामाजिक-आर्थिक असर से निपटना है। इसके अलावा, ‘मिशन सुदर्शन चक्र’ के तहत 2035 तक देश के अहम स्थलों को आधुनिक सुरक्षा कवच से लैस किया जाएगा, जो दुश्मन के हमलों को रोकने और पलटवार करने में सक्षम होगा।
इसे भी पढ़ें :
Krishna Janmashtami 2025: श्रीकृष्ण को प्रसन्न करने के लिए जन्माष्टमी पर लगाएं ये खास भोग, जानें व्रत के नियम और पूजन विधि
There is no ads to display, Please add some


















































