जादूगोड़ा: डुमरिया प्रखंड के कांता सोल स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में कार्यरत सुरक्षा गार्ड और सफाईकर्मी को बिना किसी नोटिस के नौकरी से हटाए जाने पर विरोध शुरू हो गया है।
नौकरी से हटाए जाने के विरोध में छह प्रभावित कर्मचारियों — जितेंद्र नायक, राजेन सोरेन, कापड़ा मुर्मू, देवनंदन नायक, कमला मुनि सरदार और सरोज कुमार कौर — ने गुरुवार को जादूगोड़ा मोड़ चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे सभी स्कूल में नियमित रूप से काम कर रहे थे, लेकिन बिना किसी गलती के अचानक सेवा समाप्त कर दी गई।
प्रदर्शन में शामिल जादूगोड़ा के ग्राम प्रधान जुगल सिंह सरदार ने उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि इन कर्मचारियों को जल्द ही पुनः बहाल नहीं किया गया तो आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
पीड़ित कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें ऑफर लेटर के आधार पर काम पर रखा गया था और उन्होंने पूरी निष्ठा से अपनी सेवा दी। बावजूद इसके बिना किसी सूचना या कारण बताए नौकरी से हटा दिया गया। सभी कर्मचारियों ने जिला प्रशासन से न्याय की अपील करते हुए कहा कि वे मूलवासी हैं और उनके साथ अन्याय हुआ है।
इसे भी पढ़ें :
Bokaro: बोकारो के महुआर ऐस पोंड में दो गुट आमने-सामने, बढ़ा तनाव


















































