जादूगोड़ा: जादूगोड़ा में पोटका प्रखंड स्तरीय कृषि मेला आयोजित किया गया. इस मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि तकनीकों से अवगत कराना और उनके उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर देना था. यह कार्यक्रम भाटीन पंचायत भवन में आयोजित किया गया, जिसमें घाटशिला, पोटका, डुमरिया और मुसाबनी के किसानों ने भाग लिया. किसानों ने अपनी खेती के उत्पाद जैसे चना, बैगन, खीरा, गाजर, पपीता, आलू, बधागोभी, हल्दी, धनिया इत्यादि की प्रदर्शनी लगाई.
पुरस्कार वितरण और सम्मान
कृषि को बढ़ावा देने और किसानों का उत्साहवर्धन करने के लिए कृषि पदाधिकारी देवेंद्र नाथ महतो और बीटीएम कौशल झा ने किसानों को सम्मानित किया. इस अवसर पर डुमरिया के कुंमडाशोल निवासी चंद्र साव को केला की खेती के लिए प्रथम पुरस्कार दिया गया. उनके द्वारा उत्पादित केले का गुच्छा, जिसमें 15 दर्जन केले थे, प्रदर्शनी का आकर्षण बन गया. यह उदाहरण अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायक रहा.
कृषि के उत्पादों की विविधता पर जोर
कृषि पदाधिकारी देवेंद्र नाथ महतो ने समारोह को संबोधित करते हुए किसानों से आह्वान किया कि वे झारखंड में दाल, गेहूं, आलू जैसी महत्वपूर्ण फसलों का उत्पादन बढ़ाने पर ध्यान दें. उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों से इन फसलों का आयात हो रहा है, जिससे राज्य में इनकी कमी है. अगर किसानों ने इन फसलों का उत्पादन बढ़ाया तो यह न केवल राज्य के लिए फायदेमंद होगा, बल्कि किसानों को आर्थिक रूप से भी मदद मिलेगी.
कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि पदाधिकारी देवेंद्र नाथ महतो, कौशल झा (बीटीएम), मुखिया राम साईं सोरेन, ब्रजेश कुमार (घाटशिला), पुलकेश्वर महतो और प्रतिभा महतो ने दीप प्रज्वलित करके किया.
इसे भी पढ़ें : Chakulia : लोधाशोली में हाथी का उत्पात जारी, दो घरों को तोड़ा




















































