- देर रात असामाजिक तत्वों ने दी घटना को अंजाम
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह मेन रोड स्थित कार हॉस्पिटल गैरेज में शुक्रवार देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने आगजनी की गंभीर घटना को अंजाम दिया। इस घटना में गैरेज में मरम्मत के लिए खड़ी तीन कारें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि एक अन्य कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई। गैरेज वैद्यनाथ महतो और मंगल कुजूर की साझेदारी में संचालित होता है। घटना के समय मकर संक्रांति पर्व के कारण सभी कर्मचारी छुट्टी पर थे और केवल एक स्टाफ मौजूद था, जो ठंड के कारण कमरे में था। इस वजह से आगजनी की जानकारी समय पर नहीं मिल सकी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में शोक सभा : डॉ. ओ.पी. चौधरी को भावभीनी श्रद्धांजलि
गैरेज में आगजनी से हड़कंप, पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई तीन गाड़ियां
गैरेज में खड़ी डस्टर (JH10 AB 4439), Tata Nano (JH05 L 4648) और Maruti Alto (OR02 BK 1670) पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इसके अलावा बगल में खड़ी Maruti 800 (JH05 H 3419) का बंपर भी आग की चपेट में आ गया। गैरेज संचालकों ने आशंका जताई है कि यह घटना सुनियोजित है और किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर आग लगाई गई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सुंदरनगर सड़क हादसा : इलाज के दौरान दोनों बाइक सवारों की मौत
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
परसुडीह थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आगजनी करने वाले लोगों की पहचान की जा सके। इस घटना से गैरेज संचालकों और वाहन मालिकों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने और दोषियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।