जमशेदपुर : मानगो के आजाद नगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-10, ज़ाकिरनगर स्थित कबीरिया स्कूल के पास सोमवार रात एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। यह आग मोहम्मद अजीम नामक व्यक्ति के घर में लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज़ थी कि घर में रखे कई कीमती सामान जलकर खाक हो गए। इनमें एयर कंडीशनर (एसी) सहित अन्य घरेलू उपकरण, फर्नीचर और जरूरी सामान शामिल हैं।
इस हादसे में घर के अंदर मौजूद एक महिला आग की चपेट में आकर झुलस गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए महिला को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए (टीएमएच) ले जाया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ और साहस से आग को फैलने से पहले ही काबू में कर लिया गया। मोहल्ले के लोगों ने बाल्टियों और पाइप के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखी गई।
सूत्रों के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नशा अपराधों की जननी है – प्रधान जिला जज
There is no ads to display, Please add some



















































