- गांधी मैदान में छापेमारी, 22 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद
- गुप्त सूचना पर पुलिस की देर रात कार्रवाई
जमशेदपुर : जमशेदपुर में नशा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उलीडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांधी मैदान में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री करते हुए एक अभियुक्त को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र कुमार उर्फ जितु (32 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 22 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन लगभग 4.12 ग्राम है, और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। शनिवार को कांड का उद्भेदन करते हुए थाना प्रभारी मो. शारीक अली ने बताया कि एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि गांधी मैदान इलाके में कुछ लोग नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Gua : बड़ाजामदा में युवक की पत्थर से कूचकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को देख भागे तस्कर, एक गिरफ्तार
सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देशन में पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल शुक्रवार रात करीब 11 बजे गांधी मैदान पहुंचा। पुलिस बल को देखते ही वहां मौजूद कई लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान पुलिस ने दौड़ाकर एक अभियुक्त को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर और मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।