जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी 56 वर्षीय व्यवसायी शंकर लाल अग्रवाल ने बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन में निवेश के नाम पर 1 करोड़ 25 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की लिखित शिकायत साकची थाना में दर्ज कराते हुए कहा कि यह धोखाधड़ी उनके पारिवारिक परिचितों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से की गई।
शंकर लाल ने बताया कि वर्ष 2024 में उनके परिचित रमेश चंद्र अग्रवाल ने उन्हें अपने बेटे अजय अग्रवाल द्वारा संचालित ग्रीन वाटिका बिल्डिंग प्रोजेक्ट में निवेश करने का प्रस्ताव दिया था। कुछ दिनों बाद रमेश चंद्र, अजय, राजेश, सोनम, सुमिता और गौरव अग्रवाल उनके घर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि वे झारखंड में कई बड़े निर्माण प्रोजेक्ट चला रहे हैं और निवेश करने पर फ्लैट के साथ अच्छा मुनाफा देंगे।
आरोप है कि बार–बार भरोसा दिलाने पर शंकर लाल ने 12 अप्रैल 2024 को अपने घर पर ही 1.25 करोड़ रुपये नकद आरोपियों को दे दिए। इसके बाद आदित्यपुर स्थित जमीन दिखाकर उनके नाम पांच फ्लैटों का विक्रय–करारनामा भी कराया गया, जिससे उन्हें लगा कि प्रोजेक्ट वास्तविक है।
अप्रैल 2025 में जब शंकर लाल निर्माण स्थल पहुंचे, तो वहां एक ईंट तक नहीं लगी थी। उन्होंने जब पूछताछ की, तो आरोपी पैसे की कमी का बहाना बनाकर उन्हें टालते रहे। उसी दौरान उन्हें पता चला कि प्रोजेक्ट का मुख्य संचालक अजय अग्रवाल करोड़ों रुपये ठगकर फरार है।
शंकर लाल का दावा है कि जब उन्होंने बाकी परिजनों से पैसे लौटाने की मांग की, तो उनके साथ गाली–गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर 2025 को राजेश और रमेश अग्रवाल उनके घर आए और एक रसीद थमाते हुए दावा किया कि पैसे बैंक से लौटा दिए गए हैं।
लेकिन रसीद की जांच में गवाहों और पीड़ित के हस्ताक्षर जाली पाए गए।
व्यवसायी ने अजय, रमेश, राजेश, सोनम, सुमिता और गौरव अग्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, धमकी और साजिश का आरोप लगाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साकची पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें :
Ranchi: उपायुक्त कार्यालय के समक्ष संयुक्त किसान मोर्चा का प्रदर्शन, पीएम–सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन


















































