- रामनगर साईं मंदिर में नववर्ष पर साई सेवा ट्रस्ट की अगुवाई में भक्ति, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन
जमशेदपुर : कदमा स्थित रामनगर साईं मंदिर में नववर्ष 2026 का शुभारंभ गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। वर्ष 2025 की रात सेज आरती के साथ साईं महोत्सव की शुरुआत हुई, जिसमें बड़ी संख्या में साईं भक्तों ने भाग लिया। इस अवसर पर पंडित शेषनाथ गोस्वामी द्वारा नववर्ष में सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए बाबा की आराधना की गई। मंदिर परिसर “जय साईं राम” के जयकारों से गूंज उठा। देर रात तक चले इस आयोजन में भक्तों ने दीप प्रज्वलन कर साईं बाबा के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। नववर्ष और गुरुवार के संयोग को भक्तों ने विशेष फलदायी बताया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, एक चालक गंभीर रूप से घायल
साईं बाबा और गुरुवार का आध्यात्मिक महत्व
गुरुवार की सुबह कांकड़ आरती के साथ कार्यक्रमों की श्रृंखला आगे बढ़ी। पंडित गोस्वामी और साईं परिवार द्वारा साईं बाबा का विधिवत स्नान, श्रृंगार और पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भजन-कीर्तन और भोग वितरण का आयोजन हुआ, जिसमें खिचड़ी और खीर का विशेष भोग बाबा को अर्पित किया गया। मंदिर प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष इंद्रजीत भारती और रंजीत गोस्वामी ने संयुक्त रूप से बताया कि वर्ष 2026 गुरुवार से शुरू हुआ है, इसी कारण हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी साईं महोत्सव पूरे श्रद्धा भाव से मनाया गया। जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से आए भक्तों ने दिनभर पूजा-अर्चना में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इसे भी पढ़ें : Kharsawan : खरसावां गोलीकांड की 78वीं शहादत दिवस पर अमर शहीदों को नमन, वंशजों के सम्मान हेतु विशेष आयोग का ऐलान
कदमा रामनगर साईं मंदिर की धार्मिक परंपराएं
शाम के समय भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें जमशेदपुर के चर्चित भजन कलाकार अजय और उनकी टीम ने गणेश वंदना के साथ “शिरडी वाले साईं बाबा” और “साईनाथ तेरे हजारों हाथ” जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर महिलाएं और बच्चे झूमते नजर आए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर कमेटी के संस्थापक उमेश पाल गोस्वामी सहित इंद्रजीत भारती, श्रीकांत गिरी, रंजीत गोस्वामी, सत्येंद्र गोस्वामी, रोहित गोस्वामी, विशाल भारती, गौरव भारती, विकास भारती, प्रकाश भारती, आशीष भारती, शुभम भारती, प्रशांत भारती, साहिल भारती, सागर भारती, निखिल भारती, अमनदीप भाटिया सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।