जमशेदपुर: जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के साइबर सेल और टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) के संयुक्त तत्वाधान में 10 मार्च 2025 को कॉलेज के स्वामी विवेकानंद सभागार में “डिजिटल लिटरेसी फॉर विमेन” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला में विशेष रूप से महिलाओं को ध्यान में रखते हुए डिजिटल साक्षरता पर जानकारी दी गई.
इस कार्यशाला में कॉलेज के यूजी, पीजी, वोकेशनल, बी.एड., और इंटरमीडिएट की 220 से अधिक छात्राओं, महिला प्राध्यापकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भाग लिया. कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना था, ताकि वे सरकारी योजनाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म का लाभ आसानी से उठा सकें.
मुख्य अतिथियों का स्वागत और उद्घाटन
कार्यशाला का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमर सिंह और मुख्य अतिथि अभिषेक कश्यप (प्रबंधक, सीएसआर, टीएसएफ) और नवीन चंद्र दास (एरिया ऑफिसर, ईस्ट ज़ोन, टीएसएफ) ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया. इसके बाद, प्राचार्य ने स्वागत संबोधन में कार्यशाला की आवश्यकता और डिजिटल साक्षरता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की.
कार्यशाला में ज्ञान साझा करने का सत्र
कार्यशाला में टीएसएफ के प्रशिक्षकों अजय मुंडा, पूजा कुमारी, डी मंजू और अनिल कुमार वर्मा ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की. प्रशिक्षकों ने छात्राओं को बताया कि वे कैसे अपने मोबाइल के माध्यम से सरकारी योजनाओं जैसे राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, छात्रवृत्ति, और प्रतियोगिता परीक्षा फॉर्म का ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं. इसके अलावा, डिजिटल फ्रॉड से बचने के उपायों और पासवर्ड सुरक्षा के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया.
साइबर कैफे और बाहरी सहायता की निर्भरता को कम करना
कार्यशाला के दौरान डॉ. अशोक कुमार रवानी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को साइबर कैफे और अन्य बाहरी सहायता पर निर्भरता को समाप्त करना है. इसके साथ ही, उन्हें डिजिटल साक्षरता से सशक्त करना है, ताकि वे न केवल खुद को, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी डिजिटल कार्यों के लिए जागरूक कर सकें.
कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अशोक कुमार रवानी ने किया. कार्यशाला को सफल बनाने में डॉ. अंतरा कुमारी, डॉ. प्रभात कुमार सिंह, डॉ. दुर्गा तामसोय, डॉ. स्वाति सोरेन, राजीव दुबे, स्वरूप कुमार मिश्रा, के. ईश्वर राव, संजय यादव, कृष्णा और अन्य विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया.
इसे भी पढ़ें : Tata Steel Foundation ने करीम सिटी कॉलेज में आयोजित की डिजिटल साक्षरता कार्यशाला
There is no ads to display, Please add some



















































